बड़ी खबरें
स्वीडन स्थित स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) की ताजा रिपोर्ट में भारत और पाकिस्तान के सैन्य खर्च को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2024 में भारत का सैन्य खर्च 86.1 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया, जो पाकिस्तान के सैन्य खर्च (10.2 अरब डॉलर) से करीब नौ गुना अधिक है। यह रिपोर्ट ऐसे समय में आई है जब दोनों देशों के बीच पहलगाम हमले को लेकर तनाव बना हुआ है।
दुनिया के शीर्ष 5 रक्षा खर्च करने वाले देशों में भारत शामिल
सिपरी की रिपोर्ट के अनुसार, भारत विश्व का पांचवां सबसे बड़ा सैन्य खर्च करने वाला देश बना हुआ है। भारत का सैन्य व्यय 2024 में 1.6% की वृद्धि के साथ 86.1 अरब डॉलर तक पहुंचा, जबकि पाकिस्तान के सैन्य व्यय में मामूली वृद्धि के साथ यह 10.2 अरब डॉलर रहा। रिपोर्ट में अमेरिका, चीन, रूस, जर्मनी और भारत को सैन्य खर्च के मामले में शीर्ष पांच देशों में रखा गया है, जिनका संयुक्त योगदान वैश्विक रक्षा खर्च का 60% है।
चीन और रूस के खर्च में भी बड़ी वृद्धि
रिपोर्ट बताती है कि चीन का सैन्य खर्च 7% बढ़कर 314 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जबकि रूस ने भी अपने रक्षा बजट में उल्लेखनीय वृद्धि की है। यूरोप (रूस सहित) में सैन्य खर्च 17% बढ़कर 693 अरब डॉलर हो गया है, जो शीत युद्ध के बाद का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
जर्मनी और पोलैंड में अभूतपूर्व रक्षा खर्च
मध्य और पश्चिमी यूरोप के देशों में सैन्य व्यय में तेज वृद्धि देखी गई है। जर्मनी का सैन्य खर्च 28% बढ़कर 88.5 अरब डॉलर हो गया, जिससे वह दुनिया का चौथा सबसे बड़ा सैन्य खर्च करने वाला देश बन गया है। वहीं, पोलैंड ने 31% की बढ़ोतरी के साथ 38 अरब डॉलर का खर्च किया, जो उसके जीडीपी का 4.2% है।
दुनियाभर में कुल सैन्य खर्च 2.7 खरब डॉलर के पार
सिपरी की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2024 में वैश्विक सैन्य खर्च 2718 अरब डॉलर (2.7 ट्रिलियन डॉलर) तक पहुंच गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 9.4% अधिक है। यह वृद्धि शीत युद्ध के बाद की सबसे बड़ी वार्षिक वृद्धि है।
लेबनान और अन्य देशों में भी खर्च में तेजी
राजनीतिक अस्थिरता और आंतरिक संकट के बावजूद लेबनान ने भी 2024 में अपने रक्षा खर्च में 58% की वृद्धि दर्ज की, जो 63.5 करोड़ डॉलर रहा। माल्टा को छोड़कर यूरोप के लगभग सभी देशों ने अपने सैन्य खर्च में इजाफा किया है। सिपरी की यह रिपोर्ट ऐसे समय में सामने आई है जब दुनिया के कई हिस्सों में संघर्ष और युद्ध जारी हैं। भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनावों की पृष्ठभूमि में यह आंकड़े यह दिखाते हैं कि भारत सैन्य शक्ति के क्षेत्र में किस हद तक आगे निकल चुका है।
Baten UP Ki Desk
Published : 29 April, 2025, 1:54 pm
Author Info : Baten UP Ki