बड़ी खबरें

'लेह से सर क्रीक तक घुसपैठ की कोशिश, पाकिस्तान ने तुर्किये के ड्रोन का किया इस्तेमाल 6 घंटे पहले बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा का रिजल्ट जारी 6 घंटे पहले उरी, पुंछ में शाम होते ही पाकिस्तान की हैवी फायरिंग 6 घंटे पहले जैसलमेर में ब्लैकआउट; पीएम मोदी ने तीनों सेनाओं के पूर्व प्रमुखों से मुलाकात की 6 घंटे पहले

ग्लोबल अस्थिरता और सरहदी तनाव ने गिराया बाजार का मूड! सेंसेक्स और निफ्टी में हुई इतने अंको की गिरावट

Blog Image

हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को शेयर बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स 1,000 अंक टूटकर 79,400 के आसपास कारोबार कर रहा है, वहीं निफ्टी 300 अंक गिरकर 24,000 के स्तर पर पहुंच गया। यह गिरावट 1.17% से ज्यादा मानी जा रही है। सेंसेक्स के 30 में से 26 शेयरों में गिरावट दर्ज हुई है। पावर ग्रिड, अल्ट्राटेक सीमेंट और ICICI बैंक जैसे दिग्गज शेयर 3% तक टूटे। दूसरी ओर, टाइटन, एलएंडटी और टाटा मोटर्स जैसे चुनिंदा शेयरों में 4% तक तेजी देखने को मिली।

रियल्टी और फाइनेंशियल सर्विसेज में भारी गिरावट

निफ्टी के 50 में से 39 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो रियल्टी (-2.76%), फाइनेंशियल सर्विसेज (-1.87%), ऑयल एंड गैस (-1.03%) और प्राइवेट बैंकिंग सेक्टर (-1.36%) सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। सरकारी बैंकिंग और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर ने थोड़ी मजबूती दिखाई और लगभग 1% की तेजी के साथ ट्रेड कर रहे हैं।

बाजार में गिरावट की मुख्य वजहें

1. भारत-पाक तनाव:

22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। 7 मई को भारत द्वारा की गई एयर स्ट्राइक और उसके बाद पाकिस्तान की जवाबी कार्रवाई से युद्ध जैसे हालात बन गए हैं। इससे निवेशकों में घबराहट का माहौल है और भारी बिकवाली देखने को मिल रही है।

2. ग्लोबल मार्केट का दबाव:

अमेरिकी बाजारों में हाल की अस्थिरता और डॉलर इंडेक्स में मजबूती का असर भारतीय बाजार पर पड़ा है। वैश्विक निवेशक रिस्क लेने से कतरा रहे हैं, जिसका असर घरेलू बाजारों पर भी पड़ा।

3. मुनाफावसूली:

बीते कुछ हफ्तों में बाजार में जबरदस्त तेजी के बाद अब निवेशक मुनाफा वसूल रहे हैं। इससे उन सेक्टर्स में सबसे ज्यादा बिकवाली हो रही है, जहां हाल ही में तेज उछाल देखा गया था।

वैश्विक बाजारों में मिला-जुला रुख, अमेरिकी बाजारों में तेजी

एशियाई बाजारों में मिश्रित रुख देखने को मिला। जापान का निक्केई 575 अंक चढ़कर 37,503 पर बंद हुआ, जबकि कोरिया का कोस्पी मामूली गिरावट के साथ 2,577 पर बंद हुआ। हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग में 92 अंकों की तेजी रही और चीन का शंघाई कंपोजिट मामूली गिरावट के बाद 3,342 पर बंद हुआ। अमेरिकी बाजारों में कल तेजी रही। डाउ जोन्स 254 अंक, नैस्डेक 190 अंक और S&P 500 करीब 0.58% ऊपर बंद हुए।

विदेशी निवेशकों का भरोसा बरकरार

गुरुवार (8 मई) को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने भारतीय बाजार में 2,007.96 करोड़ रुपए की खरीदारी की। हालांकि, घरेलू निवेशकों (DII) ने 596.25 करोड़ रुपए के शेयरों की बिक्री की। अप्रैल महीने में FII की कुल नेट खरीदारी 2,735 करोड़ रही, जबकि DII की नेट खरीदारी 28,228 करोड़ रुपए रही।

कल भी थी बाजार में गिरावट

गुरुवार को भी बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 412 अंक गिरकर 80,335 और निफ्टी 141 अंक टूटकर 24,274 पर बंद हुआ था। NSE के अधिकतर सेक्टर्स लाल निशान में बंद हुए थे, जिसमें रियल्टी, मेटल और हेल्थकेयर प्रमुख रहे।

पाकिस्तानी बाजार दो दिन में 10% टूटा

भारत की एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान के शेयर बाजार में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को KSE-100 इंडेक्स 7,241 अंक यानी 6.58% गिरा और ट्रेडिंग को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। दो दिनों में बाजार करीब 10,000 अंक टूट चुका है।

भारत-पाक तनाव और ग्लोबल अनिश्चितता से बाजार में दबाव

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। ग्लोबल अनिश्चितता और मुनाफावसूली के बीच भारतीय बाजार पर दबाव बना हुआ है। अगर हालात जल्द नहीं सुधरे, तो आने वाले दिनों में बाजार में और गिरावट देखी जा सकती है।

अन्य ख़बरें

संबंधित खबरें